थनैला (Mastitis) या ‘थन की सूजन’ गायों को होने वाली बहुत आम और ख़तरनाक बीमारी है। देसी गायों की अपेक्षा ज़्यादा दूध देने वाली संकर नस्ल की विदेशी गायों पर इस बीमारी का हमला ज़्यादा होता है। थनैला एक ऐसी बीमारी है, जिसे पूरी तरह से मिटाया नहीं जा सकता, लेकिन सावधानियों से इसे घटा ज़रूर सकते हैं। थनैला से संक्रमित गाय का दूध इस्तेमाल के लायक नहीं रहता। वो दूध फटा हुआ सा या थक्के जैसा या दही की तरह जमा हुआ निकलता है। इसमें से बदबू भी आती है। थनैला से पशुपालकों को बेहद नुकसान होता है। दूध उत्पादन गिर जाता है और पशु के इलाज़ का बोझ भी पड़ता है।
थनैला का प्रभाव
थनैला की वजह से गायों के थनों में गाँठ पड़ जाती है और वो विकृत हो जाते हैं। थन में सूजन और कड़ापन आ जाता है तथा दर्द होता है। थनैला से बीमार गायों को तेज़ बुख़ार रहता है और वो खाना-पीना छोड़ देते हैं। थनैला का संक्रमण थन की नली से ही गाय के शरीर में दाख़िल होता है। थनों के जख़्मी होने पर भी थनैला के संक्रमण का ख़तरा बहुत बढ़ जाता है। गलत ढंग से दूध दूहने से भी थन की नली क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। थनैला किसी भी उम्र में हो सकता है, लेकिन प्रसव के बाद इसके लक्षण उग्र हो जाते हैं।
मेरठ स्थित ICAR-केन्द्रीय गोवंश अनुसन्धान संस्थान (Central Institute For Research On Cattle) के विशेषज्ञों के अनुसार, थनैला पीड़ित गायों के जीवाणुयुक्त दूध के सेवन से इंसानों में दस्त, गले में खराश, लाल बुखार (Scarlet Fever), ब्रुसैल्लोसिस (Brucellosis), तपेदिक (टीबी) जैसे रोग हो सकते हैं। थनैला के उपचार के लिए एंटीबॉयोटिक दवाईयों का बहुत इस्तेमाल करना पड़ता है, जिसका अंश दूध के ज़रिये हमारे शरीर में भी पहुँचता है और हमें एंटीबॉयोटिक के प्रति उदासीन बनाता है।

थनैला बीमारी की वजह
थनैला बीमारी मुख़्यतः जीवाणुओं (बैक्टीरिया) के संक्रमण से फैलती है, लेकिन विषाणु (वायरस), कवक (फंगस) और माइकोप्लाज्मा जैसे अन्य रोगाणु भी इसे पैदा कर सकते हैं। इसके मुख्य जीवाणु स्टेफाइलोकॉकस और स्ट्रेप्टोकॉकस थनों की त्वचा पर सामान्य रूप से पाये जाते हैं। जबकि इकोलाई जीवाणु का बसेरा गोबर, मूत्र, फर्श और मिट्टी आदि में होता है। ये गन्दगी और थन के किसी चोट से कट-फट जाने पर थनैला का संक्रमण पैदा करते हैं। एक बार थनैला पनप जाए तो फिर इसके जीवाणु दूध दूहने वाले के हाथों से एकदूसरे में फैलते हैं। यदि दूध निकालने वाली मशीन संक्रमित हो तो उससे भी थनैला बीमारी फैलती है।

थनैला के मुख्य लक्षण
पशु चिकित्सकों ने थनैला संक्रमण की तीव्रता (intensity) के आधार पर इसकी चार श्रेणियाँ निर्धारित की हैं, क्योंकि बीमार पशु का उपचार करते वक़्त उन्हें इसका ख़ास ख़्याल रखना होता है।
- अति तीव्र (hyper): ये थनैला का बेहद गम्भीर रूप है। इसमें पशु को तेज़ बुखार रहता है वो चारा खाना छोड़ देते हैं। उन्हें साँस लेने में तकलीफ़ होती है। उनके थनों में ज़बरदस्त सूजन आ जाती है और उन्हें बहुत ज़्यादा दर्द होता है। इस दशा में मवाद या ख़ून मिला दूध आता है।
- तीव्र (intense): इस दशा में थनों में सूजन और दूध के स्वरूप में बदलाव नज़र आता है। दूध पानी जैसा पतला, छिछ्ड़ेदार, मवादयुक्त और ख़ून के थक्कों से मिला भी हो सकता है। इस दशा में पशु का कोई एक थन या सभी प्रभावित हो सकते हैं।
- उप तीव्र (pre-intense): ये दशा डेरी फार्म में अक्सर नज़र आती है। एक अध्ययन के अनुसार, 40 प्रतिशत से दुधारू पशुओं में इस श्रेणी का थनैला हो सकता है। इस दशा में पशु का दूध उत्पादन घट जाता है और दूध की गुणवत्ता ख़राब हो जाती है। इसके संक्रमण की पुष्टि दूध के ‘कल्चर सेन्सिटिविटी परीक्षण’ से होती है।
- पुराना (Chronic): ये थनैला बीमारी की आख़िरी और घातक अवस्था है। इसमें थन बेहद सख़्त हो जाते हैं। उनमें दूध भरने वाली ग्रन्थियाँ नष्ट हो जाती हैं और उनकी जगह बेजान ऊतक (tissues) ले लेते हैं। थन सिकुड़ जाते हैं। दूध बेहद पतला, मवाद और ख़ून के थक्कों वाला हो जाता है।

थनैला बीमारी का निदान
क्लिनिकल थनैला की पहचान बीमारी के लक्षणों को देखकर आसानी से की जाती है। जैसे थनों में सूजन आना, पानी जैसा दूध आना अथवा दूध में छिछ्ड़े आना। लेकिन सब-क्लिनिकल थनैला में रोग के बाहरी लक्षण नहीं दिखते। इसीलिए इसकी पहचान के लिए पाँच किस्म के व्यावहारिक परीक्षण किये जाते हैं।
(i) कैलिफोर्निया मैसटाइटिस टेस्ट (CMT): इस परीक्षण में दूध की मात्रा के बराबर ही CMT reagent (अभिकर्मक) मिलाने से थनैला की तीव्रता के अनुसार गाढ़ा जैल (gel) बन जाता है। इस जैल को 0,1,2 और 3 के मापदंड से आँका जाता है। जैल जितना गाढ़ा बनता है, रोग की तीव्रता उतनी ही अधिक मानी जाती है।
(ii) ब्रोमोथाइमोल ब्लू परीक्षण (BTB): इस परीक्षण में पशु के चारों थनों के दूध की एक-एक बूँद BTB कार्ड पर गिराई जाती है। इससे रोग की तीव्रता के अनुसार कार्ड का रंग बदल जाता है। जैसे हरा-पीला (+), हरा (++) और नीला (+++) हो जाता है। सबक्लिनिकल थनैला की पहचान के लिए BTB की पेपर स्ट्रिप बाज़ार में भी आसानी से मिल जाती है। इसकी मदद से पशुपालक ख़ुद पशु के दूध की जाँच करके ये पता लगा सकते हैं कि उनका पशु थनैला के किस स्तर से प्रभावित है? लेकिन ख़ुद जाँच करने के बावजूद पशुपालकों को रोगी पशु का उपचार पशु चिकित्सक की राय लेकर ही करना चाहिए।
(iii) विद्युत संचालकता परीक्षण (Electro conductivity test): थनैला रोग से पीड़ित पशु के दूध में विद्युत संचालकता बढ़ जाती है। एक स्वस्थ पशु के मुक़ाबले थनैला के रोगी पशु के दूध की विद्युत संचालकता में 0.50 मिलीलीटर सीमेंस प्रति सेंटीमीटर तक ज़्यादा होता है। ये परीक्षण जाँच केन्द्र की ख़ास मशीनों से ही हो पाता है।
(iv) व्हाइट साइड परीक्षण (White slide test): इस टेस्ट के ज़रिये दूध में पाये जाने वाली सफ़ेद रक्त कणिकाओं (white blood cells) की बढ़े हुए अनुपात को जानने के लिए किया जाता है। इस टेस्ट के लिए रोगी पशु के दूध की 4-5 बूँदों तो एक स्लाइड पर रखते हैं। इसमें 4 प्रतिशत सोडियम हाइड्रोऑक्साइड की 2 बूँदें मिलाते हैं। फिर एक तीली की मदद से इसको 20-25 सेकेंड तक मिलाते रहते हैं। इस जाँच में पशु का दूध जितने तीव्र थनैला से संक्रमित होता उतना ही ज़्यादा गाढ़ा इसका जैल बनेगा। यदि थनैला पुराना होता है तो मिश्रण में सफ़ेद गुच्छे (फ्लेक्स) दिखते हैं।
(v) ब्रोमो क्रीसोल पर्पल परीक्षण: यह जाँच दूध के pH मान में आये बदलाव पर आधारित होता है। इसमें 0.9 प्रतिशत ब्रोमो क्रीसोल पर्पल reagent की 2-3 बूँदों को 3 मिलीलीटर दूध में मिलाते हैं। इससे थनैला संक्रमित दूध का रंग बदलकर नीला या बैंगनी हो जाता है, जबकि सामान्य या स्वस्थ पशु के दूध का रंग पीला रहता है।

थनैला के उपचार के लिए क्या उपाय करें?
- थनैला के इलाज़ में ज़रा भी देर नहीं करनी चाहिए। इसके लक्षण के दिखते ही फ़ौरन कुशल पशु चिकित्सक को पशु को दिखाना चाहिए। इलाज़ में देरी करने से थनैला रोग न सिर्फ़ बढ़ सकता है बल्कि लाइलाज़ हो सकता है। एक बार यदि पशु के थन सख़्त हो गये या उनमें ‘फाइब्रोसिस’ पनप गये तो उसका इलाज़ असम्भव हो जाता है। थनैला के लक्षण दिखते ही सबसे पहले रोगग्रस्त पशु को स्वस्थ पशुओं से अलग कर दें।
- यदि आसपास कोई पशु चिकित्सा संस्थान अथवा रोग परीक्षण प्रयोगशाला है तो सबसे पहले अच्छी तरह से उबालकर सुखाई हुई काँच की शीशी अथवा परखनलियों में पशु के चारों थनों का दूध अलग-अलग भरकर एंटीबॉयोटिक सेन्सिटिविटी परीक्षण के लिए ले जाएँ। इससे रोग के कीटाणु के लिए उपयुक्त दवा को तय किया जाता है, ताकि इलाज़ कारगर, तेज़ और आसानी हो।
- थनैला रोग के इलाज़ के लिए पशु चिकित्सक की सलाह के अनुसार, ऐम्पिसिलिन, ऐमोक्सिसिलिन, एनरो फ्लोक्सासिन, जेंटामाइसिन, सेफ्ट्राइएक्सोन और सल्फा जैसी एंटीबॉयोटिक दवाओं के टीके 3-4 दिन तक सुबह-शाम लगवाना पड़ता है। इसके अलावा थनों की सूजन को घटाने के लिए मेलॉक्सिकम, निमैसुलाइड आदि टीके भी लगवाने चाहिए।
- उपचार के दौरान पहले स्वस्थ थनों से दूध निकालें और इसे अलग रखें। फिर रोगग्रस्त थन में से जितना हो सके उतना दूध निकाल दें। इसके बाद इंट्रा-मैमरी ट्यूब (intra mammary tube) जैसे पेंडस्ट्रीन-एसए, टिलॉक्स, कोबेक्टन, मैमीटल आदि का इस्तेमाल भी कम से कम तीन दिन तक करें। इंट्रा-मैमरी ट्यूब को थनों पर चढ़ाने से पहले थनों को पूरी तरह से खाली करना चाहिए। सब-क्लिनिकल थनैला का इलाज़ केवल थनों में 2-3 दिन तक ट्यूब चढ़ाकर किया जा सकता है। दवा लगाने के कम से कम तीन दिन तक संक्रमित पशु के दूध को मनुष्य को इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। सब-क्लिनिकल थनैला के इलाज़ के लिए कुछ हर्बल दवाएँ भी बाज़ार में उपलब्ध हैं, लेकिन इन्हें भी पशुओं के डॉक्टर के परामर्श के बग़ैर इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
- थनैला से पीड़ित पशुओं के थन की नली में कई बार ऐसी गाँठ बन जाती है, जिससे दूध का स्राव रुक जाता है। ऐसी दशा में सिर्फ़ दवाईयों से पूरा इलाज़ नहीं हो पाता। इसीलिए कुशल पशु चिकित्सक टीट साइफन नामक उपकरण की मदद से थन की नली को खोलते हैं। फिर 7-8 नम्बर वाली बेबी फीडिंग ट्यूब को थन की नली में डालकर चिपकने वाले टेप से एक हफ़्ते के लिए फिक्स करते हैं। इस दौरान एंटीबॉयोटिक दवाओं से इलाज़ जारी रहता है। हफ़्ते भर बाद बेबी फीडिंग ट्यूब को थन से निकाल देते हैं। इससे थन की नली खुल जाती है और उससे दूध सामान्य ढंग से आना शुरू हो जाता है।

थनैला से बचाव की 10 सावधानियाँ
- थनों में लगी किसी भी चोट की अनदेखी नहीं करें। इसका फ़ौरन कुशल पशु चिकित्सक की सलाह के अनुसार इलाज़ करें। एंटीबॉयोटिक दवाओं का इस्तेमाल भी डॉक्टर की जाँच और सलाह से ही करें।
- थनैला का पुराना रोग, जिसमें थन सख़्त हो जाते हैं, उसका इलाज़ सम्भव नहीं है। लाइलाज़ हालात में पहुँचने वाले पशुओं को थनैला की तकलीफ़ बार-बार हो चुकी होती है। इनसे अन्य पशुओं के संक्रमण का ख़तरा बहुत ज़्यादा होता है, इसीलिए इन्हें पशुओं को बाड़े में से हटा देना चाहिए और संक्रमित थनों पर डॉक्टर की सलाह से रासायनिक घोल चढ़ाकर उन्हें स्थायी रूप से सुखा देना चाहिए। इसके लिए 30-60 मिलीलीटर 3 प्रतिशत सिल्वर नाइट्रेट का घोल अथवा 30 मिलीलीटर 5 प्रतिशत कॉपर सल्फेट का घोल थन में चढ़ाया जाता है।
- पशुओं और उनके बाड़े को साफ़-सुथरा रखना चाहिए। बाड़े से गोबर और कीचड़ हटाने में लापरवाही नहीं करें और वहाँ पानी जमा नहीं होने दें। बाड़े की फर्श को आधा कच्चा और आधा पक्का रखें। पक्के फर्श पर पुआल अथवा बजरी का प्रयोग करें।
- दूध दूहने से पहले और बाद में थनों को एंटीसेप्टिक दवा के घोल से साफ़ करें और सफ़ाई के बाद साफ़ कपड़े से पोंछकर सुखा लें। इसके बाद हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोयें। दूध दूहने के बाद रोज़ाना चारों थनों को एंटीसेप्टिक बीटाडीन-80 मिलीलीटर और ग्लिसरीन 20 मिलीलीटर को एक लीटर पानी में मिलाकर बनाये गये घोल में डुबोना चाहिए। यह कीटाणुओं से बचाव के लिए भी सहायक है और साथ ही थनों के जख़्म-चोट आदि को ठीक करता है।
- यदि दूध की दुहाई मशीन से की जाए तो मशीन की साफ़-सफ़ाई और देखरेख भी अच्छी तरह होनी चाहिए। मशीन के कप को दूध दूहने के बाद गुनगुने पानी से साफ़ करना चाहिए और हफ़्ते में एक बार मशीन को एंटीसेप्टिक दवाई से साफ़ करना चाहिए।
- पहले स्वस्थ पशुओं का दूध दुहना चाहिए और उसके बाद थनैला रोग वाले पशुओं का दूध निकालें।
- दुधारू पशुओं में दूहने के बाद 1-2 घंटे खड़े रहने की आदत डालें। इसके लिए दूहने बाद पशु को थोड़ा सा दाना डाल दें, ताकि वो खाने में व्यस्त रहे और बैठे नहीं।
- गाभिन पशुओं को प्रसव से 2 महीने पहले दूहना बन्द कर दें और ड्राइ थेरेपी के लिए एंटीबॉयोटिक ट्यूब को चारों थनों में चढ़ा दें। इससे पुराने थनैला रोग का इलाज़ हो जाता है और नये कीटाणुओं का संक्रमण नहीं होता।
- दुधारू पशुओं के आहार में विटामिन और लवण जैसे कॉपर, ज़िंक और सेलेनियम आदि को शामिल करें। ये पोषक तत्व उनमें थनैला के प्रति रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं। इसके लिए पशु को दाने में लगातार खनिज मिश्रण मिलाकर दें।
- सब-क्लिनिकल थनैला के निदान के लिए ज़्यादा दूध देने वाले पशुओं की निश्चित अन्तराल पर जाँच करवाते रहें। यहाँ तक कि दुधारू पशु को खरीदने से पहले भी उनके दूध की थनैला जाँच अवश्य करवाएँ।

ये भी पढ़ें- Lumpy Skin Disease: कैसे बढ़ रहा है दुधारु पशुओं में LSD महामारी का ख़तरा? पशुपालकों को सतर्क रहने की सलाह
सम्पर्क सूत्र: किसान साथी यदि खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी या अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहें तो हमें फ़ोन नम्बर 9599273766 पर कॉल करके या kisanofindia.mail@gmail.com पर ईमेल लिखकर या फिर अपनी बात को रिकॉर्ड करके हमें भेज सकते हैं। किसान ऑफ़ इंडिया के ज़रिये हम आपकी बात लोगों तक पहुँचाएँगे, क्योंकि हम मानते हैं कि किसान उन्नत तो देश ख़ुशहाल।

ये भी पढ़ें:
- Rabi Campaign 2026: किसानों की आमदनी बढ़ाने और आत्मनिर्भर भारत के लिए National Agriculture Conference28-29 सितंबर 2026 को रबी अभियान 2026 (Rabi Campaign 2026) के लिए National Agriculture Conference बुलाया है। ये आयोजन दिल्ली के पूसा स्थित भारत रत्न सी. सुब्रमण्यम सभागार में होगा।
- बिहार में मछली पालन का नया दौर: नाबार्ड ने दिया 195 करोड़ रुपये का लोन, बदलेगी किसानों की किस्मतमछली पालन बढ़ने से सिर्फ तालाबों में मछली ही नहीं बढ़ेगी, बल्कि चारा, परिवहन, पैकेजिंग, प्रोसेसिंग और भंडारण जैसे कामों को भी बढ़ावा मिलेगा।
- Holstein Friesian Cow: दुनिया की सबसे ज़्यादा दूध देने वाली नस्ल, जानिए पहचान, वजन और भारत में कीमतहोल्स्टीन गाय की सबसे आसान पहचान इसका बड़ा और मजबूत शरीर है। एक वयस्क मादा गाय का वजन आमतौर पर 600 से 700 किलोग्राम तक होता है, जबकि इस नस्ल के सांड इससे काफी भारी होते हैं
- भूपेन्द्र यादव ने 58 Tiger Reserves के नए मूल्यांकन चक्र का किया शुभारंभभूपेन्द्र यादव ने 58 Tiger Reserves के 6th Cycle of MEE-TR की शुरुआत की और वैज्ञानिक संरक्षण पर ज़ोर दिया।
- ICAR-CMFRI ने Tuna मछली को लेकर उपभोक्ताओं को दी ज़रूरी सलाहICAR-CMFRI ने Tuna मछली को लेकर कहा कि एक क्षेत्र में मिले परजीवी के आधार पर भारतीय मछलियों से दूरी बनाने की ज़रूरत नहीं है।
- आंध्र प्रदेश के रायलसीमा का विकास: 1 लाख करोड़ रुपये के हॉर्टिकल्चर हब की रखी जाएगी आधारशिलारायलसीमा हब को रायलसीमा के चार अविभाजित जिलों के साथ-साथ प्रकाशम और नेल्लोर जिलों में डेवलप किये जाएंगे। इसका मेन टार्गेट सूखे से प्रभावित इलाकों में बागवानी को बढ़ावा देना है।
- Resilient Dairy Alliance की National Consultation में जलवायु अनुकूल डेयरी पर ज़ोरResilient Dairy Alliance की National Consultation में जलवायु अनुकूल डेयरी और टिकाऊ विकास पर चर्चा हुई।
- बिहार कैबिनेट का बड़ा फैसला: पशुपालकों को ब्याज पर 100 फीसदी सब्सिडी,किसानों-डेयरी सेक्टर को तोहफाइस योजना पर अगले तीन साल में 160 करोड़ रुपये से ज़्यादा खर्च होंगे। इसका मकसद पशुपालकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और राज्य में दूध के प्रोडक्शन को बढ़ावा देना है।
- National Zoological Park में World Rhino Day पर जागरूकता कार्यक्रमNational Zoological Park में World Rhino Day पर गैंडा संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
- मध्य प्रदेश कैबिनेट का ऐतिहासिक फैसला: 13 हज़ार करोड़ से कृषि और सिंचाई को मिलेगी नई उड़ानमुख्यमंत्री मोहन यादव ने साफ किया है कि राज्य सरकार कृषि विकास के तहत उत्पादन बढ़ाने के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रही है।
- PM Surya Ghar Yojana Delhi 2026: छत पर सोलर पैनल लगाएं, शुरू हुआ Registration PortalKisan of India को Google पर जोड़ें दिल्ली के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 21 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना (PM Surya Ghar Yojana Delhi 2026) के लिए दिल्ली का रजिस्ट्रेशन पोर्टल शुरू कर दिया है। इसके तहत राष्ट्रीय राजधानी के 2.25 लाख घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने का टारगेट… Read more: PM Surya Ghar Yojana Delhi 2026: छत पर सोलर पैनल लगाएं, शुरू हुआ Registration Portal
- WWF Global Conservation Conference में जंगलों के साथ Grasslands और Wetlands बचाने पर ज़ोरWWF Global Conservation Conference में भूपेंद्र यादव ने वन्यजीव संरक्षण और स्थानीय समुदायों की भागीदारी पर ज़ोर दिया।
- बिना टच किये मछली का Measurement! ICAR-CMFRI का ‘MatsyaMetri’App बदल देगा Fisheries Research की तस्वीर‘MatsyaMetri’ को ARCore-supported Android devices के लिए डिजाइन किया गया है। ‘MatsyaMetri ‘ एक इमेज बेस्ड टूल है। यूज़र मछली की तस्वीर लेता है और ऐप अपने आप उसके आयामों का अनुमान लगाकर माप दर्ज कर लेता है।
- लखनऊ का मलिहाबादी दशहरी आम अब ग्लोबल पहचान की ओर, ODOP में होगा शामिलमलिहाबादी दशहरी आम की मांग अब 25 से अधिक देशों में है। ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, कनाडा, सऊदी अरब और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में यह आम पहुंच रहा है।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पर्यावरण और जलवायु कार्रवाई को लेकर सहयोग पर दिया ज़ोरद्रौपदी मुर्मू ने NGT कॉन्फ्रेंस में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु कार्रवाई और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर ज़ोर दिया।
- केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय का बड़ा ऐलान: रेशम उत्पादक किसानों की बढ़ेगी आमदनी,’सर्वश्रेष्ठ रेशम किसान पुरस्कार’ की शुरुआत की घोषणासरकार की रणनीति सीधी और वैज्ञानिक है। शहतूत के पत्तों की पैदावार बढ़ाकर और रेशम के कीड़ों के पालन-पोषण के राउंड को बढ़ाकर किसानों की आमदनी 10 से 12 लाख रुपये तक ले जाने का टारगेट है।
- पराली जलाने पर केंद्र सख़्त: ज़मीन के रिकॉर्ड में 15 महीने तक दर्ज रहेगा नाम, दोबारा जलाने पर और कड़ी कार्रवाई!ये नियम दिल्ली-एनसीआर और आसपास के उन इलाकों में लागू होगा जहां पराली जलाने की घटनाओं का असर दिल्ली की हवा पर पड़ता है।
- Samriddh Vidisha Model: तैयार हुआ ग्रामीण गरीबी को जड़ से ख़त्म करने के लिए नया रोडमैपSamriddh Vidisha Model की सबसे बड़ी ख़ूबी है कि आमदनी के एक नहीं, कई साधन है। किसानों को आधुनिक खेती के साथ दूध, बकरी, मुर्गी और मधुमक्खी पालन से जोड़ा जाएगा, ताकि एक सोर्स रुकने होने पर परिवार न बिखरे।
- दक्षिणी क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन 2026 में राज्यों को समय पर लक्ष्य पूरा करने के निर्देशदक्षिणी क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन 2026 में राज्यों से Farmer ID, AgriStack और कृषि लक्ष्यों को तय समय में पूरा करने को कहा गया।
- Mahila Shetkari Portal: महाराष्ट्र सरकार का ऐतिहासिक कदम,अब खेत में काम करने वाली हर महिला बनेगी ‘किसान’अधिनियम के अनुसार, महिला को किसान मानने का आधार सिर्फ ज़मीन का मालिकाना हक नहीं, बल्कि खेती में उसकी ‘वास्तविक भागीदारी’ होगी।





















