Table of Contents
कर्नाटक सरकार ने छोटे और जरूरतमंद किसानों के लिए एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। राज्य कैबिनेट ने महत्वाकांक्षी ‘नेगिला योगी’ योजना (‘Negila Yogi Scheme’) को मंज़ूरी दे दी है। इस स्कीम का अहम उद्देश्य है कि खेती की लागत कम करना और छोटे किसानों को आधुनिक कृषि मशीनरी से जोड़ना। सरकार ने इसके लिए 152 करोड़ रुपये का बजट मंज़ूर किया है।
क्या है योजना की ख़ास बात?
तीन एकड़ तक ज़मीन वाले किसानों को खेती के लिए ट्रैक्टर और दूसरी ज़रूरी सेवाएं मुफ्त मिलेंगी। दिलचस्प ये है कि सरकार हर जगह नए ट्रैक्टर नहीं खरीदेगी। उप-मुख्यमंत्री जी. परमेश्वर के अनुसार, गांवों में कई किसानों के पास निजी ट्रैक्टर हैं, जो उनकी अपनी खेती पूरी होने के बाद महीनों खाली पड़े रहते हैं। सरकार ऐसे ट्रैक्टर मालिकों से ट्रैक्टर किराए पर लेकर जरूरतमंद किसानों के खेतों तक पहुंचाएगी। इससे दोहरा फायदा होगा। छोटे किसानों को महंगी मशीनरी खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी और ट्रैक्टर मालिकों को अलग से आमदनी होगी। ज़रूरत पड़ने पर सरकार 500 से 1,000 ट्रैक्टर खरीदने पर भी सोंच सकती है।
पायलट प्रोजेक्ट से होगी शुरुआत
योजना को पहले 31 तालुकों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू किया जाएगा। हर तालुके में एक प्रोजेक्ट शुरू होगा। कर्नाटक में करीब 59 लाख किसान हैं। अगर ये एक्सपेरिमेंट सफल रहा, तो बड़ी संख्या में छोटे और सीमांत किसानों को राहत मिलेगी। फिलहाल, महंगी मशीनरी की वजह से कई किसान वक्त पर जुताई, बुवाई नहीं कर पाते, जिससे उनकी पैदावार घटती है। मुफ्त ट्रैक्टर सेवा से ये परेशानी दूर हो सकती है।
आपदा प्रबंधन में AI और ड्रोन का सहारा
कर्नाटक सरकार सिर्फ खेती ही नहीं, बल्कि आपदा प्रबंधन (Disaster Management) को भी मॉडर्न बना रही है। बाढ़, लैंडस्लाइड जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए ड्रोन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सैटेलाइट इमेजिंग और रोबोटिक्स का इस्तेमाल बढ़ाया जाएगा। AI बेस्ड अर्ली वार्निंग सिस्टम और बेहतर संचार व्यवस्था से ख़तरे की जानकारी वक्त पर लोगों तक पहुंचेगी।
चिक्काबल्लापुर में बनेगी देश की पहली ड्रोन टेस्टिंग फैसिलिटी
सरकार चिक्काबल्लापुर में ड्रोन टेस्टिंग फैसिलिटी बनाने जा रही है, जो देश में अपनी तरह की पहली फैसिलिटी हो सकती है। यहां ड्रोन की जांच सिर्फ लैब में नहीं, बल्कि असली फील्ड कंडीशन में होगी। फ्यूचर में इसका यूज़ दवा पहुंचाने, कम दूरी की यात्री सेवाओं और आपदा राहत में बढ़ेगा।
कर्नाटक सरकार की ‘नेगिला योगी’ योजना न केवल छोटे किसानों को आर्थिक रूप से मदद करेगी, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के सपने को भी बल देगी।
सम्पर्क सूत्र: किसान साथी यदि खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी या अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहें तो हमें फ़ोन नम्बर 9599273766 पर कॉल करके या kisanofindia.mail@gmail.com पर ईमेल लिखकर या फिर अपनी बात को रिकॉर्ड करके हमें भेज सकते हैं। किसान ऑफ़ इंडिया के ज़रिये हम आपकी बात लोगों तक पहुँचाएँगे, क्योंकि हम मानते हैं कि किसान उन्नत तो देश ख़ुशहाल।
ये भी पढ़ें: Protein: भारतीयों की थाली की सबसे बड़ी कमी, जानिए क्यों है ज़रूरी

