Table of Contents
पानी की बूंद-बूंद अनमोल है, और इसी सोच के साथ प्रधानमंत्री मोदी (Prime Minister Modi) ने देश में बढ़ते जल संकट को लेकर सरकार, किसानों, वैज्ञानिकों और आम नागरिकों सभी को एक साथ जागरूक किया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर हमने अभी से पानी बचाने की आधुनिक तकनीकों को नहीं अपनाया, तो आने वाला वक्त बहुत मुश्किल होगा। ये सिर्फ सरकारी योजनाओं का विषय नहीं, बल्कि हर भारतीय की नैतिक जिम्मेदारी है।
कृषि में बदलाव की ज़रूरत
पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देश में सबसे ज्यादा पानी खेती में इस्तेमाल होता है, लेकिन वहां आज भी पुराने तरीकों से सिंचाई की जाती है, जिसमें बहुत पानी बर्बाद होता है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे ड्रिप इरिगेशन, स्प्रिंकलर सिस्टम और माइक्रो-इरिगेशन (Drip irrigation, sprinkler systems, and micro-irrigation) जैसी तकनीकों को अपनाएं। इससे न सिर्फ पानी की बचत होगी, बल्कि फसल की पैदावार भी बढ़ेगी और किसानों की आमदनी में इजाफा होगा।
राज्यों के बीच सीखने की परंपरा
पीएम मोदी ने सुझाव दिया कि जिन राज्यों ने वॉटर मैनेजमेंट में कामयाबी पाई है, वहां दूसरे राज्यों के किसानों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को स्टडी टूर पर भेजा जाए। इससे लोग डायरेक्ट सीख सकेंगे कि कम पानी में अच्छी फसल कैसे उगाई जाती है और जलाशयों को कैसे साफ रखा जाता है।
गाद निकालना होगा डेली का काम
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे तालाब, नदियां और बांध सालों-साल गाद से भर रहे हैं, जिससे उनकी पानी रखने की क्षमता घट गई है। उन्होंने हर जिले में डी-सिल्टिंग (गाद निकालना) को एक डेली प्रोसेस बनाने पर जोर दिया। इसके लिए साफ मानक और प्रोसेस (SOP) बनाई जानी चाहिए, ताकि हर बरसात से पहले जलाशय पूरी क्षमता से भर सकें।
शहरों की बढ़ती चुनौती
पीएम मोदी ने शहरीकरण की ओर इशारा करते हुए कहा कि जैसे-जैसे शहर बढ़ेंगे, पानी की मांग भी बढ़ेगी। नगर निगमों और शहरी निकायों को अभी से योजना बनानी होगी कि भविष्य में पानी कहां से लाया जाएगा और उसे कैसे बचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ट्रीटेड वॉटर का यूज़ खेती और बिज़नेस में बढ़ाया जाना चाहिए, जिससे पीने का साफ पानी बच सके।
बांध सुरक्षा और मानसून की तैयारी
हर साल मानसून के दौरान बांध टूटने की घटनाएं सामने आती हैं। पीएम ने कहा कि बारिश शुरू होने से पहले हर बांध की सुरक्षा की पूरी जांच कर ली जानी चाहिए और जोखिम वाले क्षेत्रों को मार्क्ड कर लेना चाहिए। इसके साथ ही, स्कूलों में बच्चों को वॉटर मैनेजमेंट और बांध सुरक्षा के बारे में पढ़ाया जाना चाहिए, ताकि वे छोटी उम्र से ही इसके प्रति जागरूक बनें।
AI और डेटा का जादू
पीएम मोदी ने एक बहुत ही मॉडर्न और गहन बात कही कि हमें पानी से जुड़े सारे डेटा (आंकड़े) को एक जगह इकट्ठा करना होगा और उसका एनालिस्ट करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करना होगा। इससे हम ये अनुमान लगा सकेंगे कि किस क्षेत्र में कितने पानी की जरूरत है, कहां पानी बर्बाद हो रहा है और कहां बचत की जा सकती है।
हर बूंद कीमती
प्रधानमंत्री मोदी का ये भाषण एक चेतावनी भी है और एक मार्गदर्शन भी। उन्होंने सफ किया कि भारत की जल सुरक्षा के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। अगर हमने अभी से पानी बचाना शुरू नहीं किया, तो आने वाली पीढ़ियां हमें माफ नहीं करेंगी। ये वक्त है बदलाव का, अपनाने का और जागने का। जल ही जीवन है, और जीवन है तो संभलना होगा।
सम्पर्क सूत्र: किसान साथी यदि खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी या अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहें तो हमें फ़ोन नम्बर 9599273766 पर कॉल करके या kisanofindia.mail@gmail.com पर ईमेल लिखकर या फिर अपनी बात को रिकॉर्ड करके हमें भेज सकते हैं। किसान ऑफ़ इंडिया के ज़रिये हम आपकी बात लोगों तक पहुँचाएँगे, क्योंकि हम मानते हैं कि किसान उन्नत तो देश ख़ुशहाल।
ये भी पढ़ें- बिहार में अब QR Code से होगी खाद की खरीदारी, कालाबाज़ारी पर लग जाएगी पूरी तरह से रोक

