Table of Contents
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के जेठा में 11 सितंबर 2026 को राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास से जुड़े कई बड़े फैसले और योजनाओं की शुरुआत हुई। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 2 लाख नवनिर्मित आवासों में गरीब परिवारों का गृह प्रवेश कराया और हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चाबियां सौंपीं।
इस मौके पर शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ के लिए 3.65 लाख अतिरिक्त आवासों की घोषणा की। साथ ही सक्ती में नया कृषि विज्ञान केंद्र यानी KVK खोलने और बस्तर संभाग में छूटे हुए पात्र हितग्राहियों के आवास सर्वे की समयसीमा 31 अक्टूबर 2026 तक बढ़ाने का ऐलान किया।
सक्ती में खुलेगा कृषि विज्ञान केंद्र
कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने सक्ती को कृषि विज्ञान केंद्र की सौगात देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और स्थानीय सांसद कमलेश जांगड़े की मांग पर सक्ती में अत्याधुनिक कृषि विज्ञान केंद्र स्थापित किया जाएगा।
इस KVK के माध्यम से क्षेत्र के किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, फ़सल विविधीकरण और वैज्ञानिक सलाह का लाभ मिलने की बात कही गई। शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री की मांग को स्वीकार करते हुए कहा कि विष्णुदेव कहें और शिव मना कर दें, यह संभव नहीं है।
बस्तर में आवास सर्वे की तारीख़ बढ़ी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मांग पर बस्तर संभाग में छूटे हुए पात्र गरीब परिवारों के आवास सर्वे की समयसीमा बढ़ाकर 31 अक्टूबर कर दी गई। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी पात्र गरीब को पक्के घर से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
रोज बन रहे 1600 से ज़्यादा PM आवास
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के काम की गति की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य में हर दिन 1600 से अधिक PM आवास पूरे हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय केंद्र से आवास स्वीकृत होने के बावजूद matching grant नहीं मिलने के कारण गरीबों के घरों का काम प्रभावित हुआ। वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख आवासों को मंज़ूरी दी। केंद्र और राज्य के साझा प्रयासों से पिछले ढाई वर्षों में 11.50 लाख से अधिक आवास पूरे किए जा चुके हैं।
धान के साथ फल, फूल और सब्ज़ियों का भी उत्पादन
शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ में कृषि क्षेत्र में हो रहे बदलाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रायपुर से सक्ती आते समय हेलीकॉप्टर से लहलहाती फ़सलें देखकर उन्हें खुशी हुई। उनके अनुसार छत्तीसगढ़ अब केवल धान का कटोरा नहीं रहा, बल्कि फल, फूल और सब्ज़ियों का भी कटोरा बन रहा है।
कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह की महिलाओं की ओर से अलसी के डंठल से बनाई गई जैकेट और कोसा तथा मलबरी उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। शिवराज सिंह चौहान ने ग्रामीण महिलाओं के हुनर की सराहना की और कहा कि विकास की मौजूदा गति के साथ छत्तीसगढ़ जल्द देश का नंबर एक राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
17 सितंबर को घर-घर दीप जलाने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनकल्याणकारी कार्यों का उल्लेख करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें भारत के लिए भगवान का वरदान बताया। उन्होंने कहा कि 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 4 करोड़ से अधिक पक्के मकान, हर घर शौचालय, नल से जल और 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने जैसे अभियान चलाए गए हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को शाम 7 बजे अपने घरों में दीपक जलाएं और उनके स्वस्थ व लंबे जीवन के साथ देश की प्रगति के लिए आशीर्वाद दें।
मुख्यमंत्री ने गिनाईं महिला सशक्तिकरण की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान का आभार जताते हुए कहा कि उनके हर प्रवास से छत्तीसगढ़ को विकास की बड़ी सौगातें मिलती हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और बिहान के माध्यम से राज्य में 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि महतारी वंदन योजना के जरिए 70 लाख महिलाओं के खातों में 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है।
ग्रामीण विकास से जुड़े कई कार्यक्रम शुरू
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत मुख्यमंत्री आवास योजना के AI आधारित जियो-टैग verification की शुरुआत की गई। इसके अलावा विकसित भारत जी राम जी के तहत ‘धार अपार’ और ‘सुघ्घर बाड़ी’ अभियान, 270 नए Integrated Farming Clusters और ‘अथ उद्यमिता की ओर’ incubation programme का शुभारंभ हुआ।
इस दौरान बेहतर काम करने वाली लखपति दीदियों और श्रेष्ठ पंचायतों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े सहित कई जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ में आवास, कृषि, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण उद्यमिता से जुड़े इन कदमों के जरिए राज्य में ग्रामीण विकास को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। शिवराज सिंह चौहान ने केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयासों से गरीब परिवारों को पक्की छत और किसानों को बेहतर कृषि सुविधाएं देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
ये भी पढ़ें: DAY-NRLM के मंच पर SHG महिलाओं के नेतृत्व और आर्थिक सशक्तिकरण पर चर्चा
सम्पर्क सूत्र: किसान साथी यदि खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी या अनुभव हमारे साथ साझा करना चाहें तो हमें फ़ोन नम्बर 9599273766 पर कॉल करके या kisanofindia.mail@gmail.com पर ईमेल लिखकर या फिर अपनी बात को रिकॉर्ड करके हमें भेज सकते हैं। किसान ऑफ़ इंडिया के ज़रिये हम आपकी बात लोगों तक पहुँचाएँगे, क्योंकि हम मानते हैं कि किसान उन्नत तो देश ख़ुशहाल।

